प्रयागराज , अक्टूबर 16 -- त्योहारी सीजन में बढ़ रही यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज और गुजरात के वलसाड के बीच सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04189/04190 प्रयागराज-वलसाड-प्रयागराज सुपरफास्ट स्पेशल 25 अक्टूबर से 29 नवंबर तक दोनों दिशाओं में कुल 6-6 फेरों में चलेगी। गाड़ी संख्या 04189 प्रयागराज-वलसाड सुपरफास्ट स्पेशल प्रत्येक रविवार को 25 अक्टूबर से 29 नवंबर तक चलेगी। ट्रेन प्रयागराज जंक्शन से शाम 6:10 बजे रवाना होकर अगले दिन यानी सोमवार को शाम 6:00 बजे वलसाड पहुंचेगी।वापसी में गाड़ी संख्या 04190 वलसाड-प्रयागराज सुपरफास्ट स्पेशल प्रत्येक सोमवार को 26 अक्टूबर से 30 नवंबर तक संचालित होगी।

यह ट्रेन वलसाड से रात 8:00 बजे छूटकर अगले दिन मंगलवार को रात 7:50 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी।प्रयागराज से चलने वाली ट्रेन मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल, पालधी, अमलनेर, नंदुरबार, व्यारा, भेस्तान और नवसारी सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा।

रेलवे के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों से जुड़े यात्रियों के लिए भी उपयोगी साबित होगी। मार्ग में मैहर का मां शारदा मंदिर, जबलपुर का भेड़ाघाट व धुआंधार जलप्रपात, ओंकारेश्वर तथा गुजरात के नवसारी और वलसाड क्षेत्र शामिल हैं।इस विशेष ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे। इनमें एसएलआर/डी-2, 6 एसजी कोच, 12 जीएससीएन कोच और 1 एसीसीएन कोच शामिल हैं। त्योहारों के दौरान टिकट की कमी और भीड़भाड़ से जूझ रहे यात्रियों के लिए यह स्पेशल ट्रेन बड़ी राहत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित