वाराणसी , अगस्त 02 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सावन माह के प्रथम सोमवार को होने वाली कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट मोहित अग्रवाल ने शनिवार को जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रयागराज से मोहनसराय तक एक लेन पूरी तरह कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगी। इस लेन में किसी अन्य वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जनपद के सीमा क्षेत्र गुड़िया बॉर्डर (कछवां रोड) से लहरतारा तक कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्थायी पुलिस सहायता केंद्रों, विश्राम स्थलों, चिकित्सा सुविधाओं, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं, ताकि कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कांवड़ मार्ग के सभी कटों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाने तथा सभी अवैध कट तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग, खोया-पाया केंद्र तथा सूचना सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित