प्रयागराज , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर हंडिया थाना क्षेत्र के भेस्की गांव के पास शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार प्रयागराज की ओर जा रही एक कार को वाराणसी की तरफ से आ रही सरकारी बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कई बार घूमते हुए करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही हंडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

मृतकों की पहचान जौनपुर जिले के मीरगंज भतहर निवासी राकेश त्रिपाठी (60), उनकी पत्नी प्रभावती देवी तथा गोपीगंज निवासी शुभम दुबे (27) के रूप में हुई है। हादसे में राकेश त्रिपाठी के पुत्र राहुल त्रिपाठी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया गया कि सभी लोग ज्ञानपुर से झूंसी जा रहे थे। राकेश त्रिपाठी अपनी बेटी के घर जा रहे थे, तभी भेस्की गांव के पास यह दुर्घटना हो गई।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सरकारी बस को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित