प्रयागराज , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्र संवाद' कार्यक्रम की तिथि और स्थल तय होने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस के अनुसार, युवाओं और प्रतियोगी छात्रों से सीधा संवाद करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम 8 अगस्त को केपी कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए कांग्रेस की एक विशेष टीम ने हाल ही में प्रयागराज पहुंचकर शहर के चार प्रमुख मैदानों का निरीक्षण किया था। प्रारंभिक योजना के तहत परेड मैदान को चुना गया था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद आयोजन स्थल बदलकर केपी कॉलेज मैदान निर्धारित किया गया, जिसके लिए जिला प्रशासन से अनुमति मिलने का दावा किया गया है।
कांग्रेस का कहना है कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड और मिस्ड कॉल के माध्यम से विशेष पंजीकरण अभियान चलाया गया। पार्टी के अनुसार, इस अभियान के तहत डेढ़ लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कोटा और देहरादून में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रमों के बाद अब प्रयागराज में होने वाला यह आयोजन भी महत्वपूर्ण होगा। प्रयागराज देश के प्रमुख प्रतियोगी परीक्षा केंद्रों में से एक माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।
पार्टी के मुताबिक, कार्यक्रम में पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस आयोजन के माध्यम से युवाओं की समस्याओं और रोजगार संबंधी मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित