प्रयागराज , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की भतीजी की सगाई समारोह से लाखों रुपये के गहने और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले चार वर्षों से फरार था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी राजेन्द्र कुमार (35), निवासी कड़िया थाना बोड़ा, जनपद राजगढ़ (मध्य प्रदेश) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को उसे प्रयागराज लाकर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि 13 मई 2022 को सिविल लाइंस स्थित होटल कान्हा श्याम में आयोजित एक सगाई समारोह के दौरान यह वारदात हुई थी। हाईकोर्ट के जज के भाई चन्द्र प्रकाश केसरवानी की बेटी की सगाई में शामिल इस गिरोह ने भीड़ का फायदा उठाकर सोने के जेवरात, रत्न और मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने मध्य प्रदेश के 'जैकी गैंग' के सदस्यों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था। गिरोह के सदस्य शादी समारोहों में मेहमान बनकर शामिल होते थे और मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। उसी रात एक अन्य शादी समारोह में भी चोरी की घटना सामने आई थी।
पुलिस ने पहले ही गिरोह के सरगना पंकज सिंह समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इन सभी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर पहले से करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित