प्रयागराज , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज ने 13 लाख रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। सिटी जोन पुलिस की कोतवाली थाना टीम और एसओजी सिटी की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को दबोचा गया।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बब्लू उर्फ नसीर, फिरोज अहमद और साहे आलम उर्फ मोहम्मद शाहिल के रूप में हुई है। आरोपियों ने अपने महंगे शौक और जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के रुपये से उन्होंने 22 हजार रुपये में एक पुरानी बाइक और एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी खरीदा था।
जांच में सामने आया कि साहे आलम वादी मुकदमा के घर से कुछ दूरी पर रहता था और उसे परिवार के बाहर जाने तथा घर बंद होने की जानकारी थी। इसके बाद उसने अपने साथियों को बुलाकर 4 अप्रैल को चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने अभियुक्तों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 2 लाख 89 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा चोरी के पैसों से खरीदी गई एक बाइक, घटना में प्रयुक्त दूसरी बाइक तथा दो ई-रिक्शा भी बरामद किए गए हैं।
थाना कोतवाली में मोह्त्सिमगंज निवासी उमेश द्विवेदी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह 3 अप्रैल को लखनऊ गए थे और 4 अप्रैल को बंद घर में चोरी हुई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 33/2026, धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस आयुक्त सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी, हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी तथा अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति को भी कुर्क किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित