प्रयागराज , मई 18 -- उत्तर प्रदेश में संगम नगरी प्रयागराज के सिविल लाइन्स क्षेत्र में स्थित एक होटल में सोमवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। होटल से उठती आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलने पर सिविल लाइन्स थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड कर्मी फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं, हालांकि समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। बताया जा रहा है कि होटल के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक दर्जन से अधिक लोग होटल के भीतर मौजूद थे। मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) चंद्र मोहन शर्मा सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और बचाव कार्य की निगरानी करते रहे।

स्थानीय लोगों के अनुसार होटल के नीचे स्थित ट्रांसफार्मर में बिजली का कार्य चल रहा था। इसी दौरान तेज आवाज के साथ शॉर्ट सर्किट हुआ और आग तारों के माध्यम से तेजी से पूरे भवन में फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

सिविल लाइन्स का यह इलाका हमेशा व्यस्त और भीड़भाड़ वाला माना जाता है। आग लगने के बाद काफी देर तक क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही। आग की लपटें होटल की ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गईं, जो दूर से स्पष्ट दिखाई दे रही थीं। सुरक्षा के मद्देनजर होटल के आसपास के रास्तों को बंद कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित