प्रयागराज , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जार्जटाउन स्थित स्वामीनारायण मंदिर परिसर में शुक्रवार देर रात मंदिर का तीन मंजिला पिछला हिस्सा अचानक भरभराकर उसके पीछे खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिरा। भवन का हिस्सा गिरने से तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर के पीछे काफी गहरा गड्ढा खोदा गया था और इसके किनारे मंदिर का पुराना हिस्सा बना हुआ था। शुक्रवार रात अचानक जमीन खिसकने लगी और देखते ही देखते मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा ढहकर गड्ढे में समा गया।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी का कटाव हुआ, जिससे मंदिर के पिछले हिस्से की नींव कमजोर हो गई और भवन का हिस्सा ढह गया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हादसा इतनी तेजी से हुआ कि आसपास के लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेज आवाज सुनकर घरों और दुकानों में मौजूद लोग बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जुट गई। कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। मंदिर के ठीक पीछे गहरे गड्ढे और उसके किनारे पुराने भवन के खड़े होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
जार्जटाउन थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। जिस समय मंदिर का हिस्सा गिरा, उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि गड्ढा कई वर्ष पहले खोदा गया था। प्रथम दृष्टया आशंका है कि बारिश के कारण मिट्टी के कटाव से मंदिर का हिस्सा ढह गया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मंदिर का हिस्सा किन परिस्थितियों में गिरा और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित