प्रयागराज , फरवरी 22 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के हंडिया कोतवाली क्षेत्र में रविवार को जंघई रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा उस समय हुआ जब खानपुर गांव निवासी 23 वर्षीय अटल बिहारी यादव अपने साथियों अमरजीत प्रजापति (अर्जुन पट्टी निवासी) और 50 वर्षीय सुरेश चंद्र यादव को बाइक से हंडिया रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। टाउन एरिया के जंघई रोड के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अटल बिहारी यादव और सुरेश चंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। अमरजीत प्रजापति की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
मृतक सुरेश चंद्र यादव (50) दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई का नाम राकेश यादव है। उनके दो बेटे हरिशंकर (25) और रवि शंकर (21) हैं। वह मुंबई में एक निजी कंपनी में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। दूसरा मृतक अटल बिहारी यादव (23) तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। वह सियाडीह, थाना हंडिया क्षेत्र में अपना क्लीनिक चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी सरिता, चार वर्षीय पुत्र लक्ष्य, तीन वर्षीय पुत्री पीहू और माता श्यामा देवी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित