प्रयागराज , मई 30 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार भोर हुए एक सड़क हादसे में एक ज्वैलरी व्यवसायी की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि प्रतापपुर-फूलपुर मार्ग पर बौड़ई गांव के बर्जी बरा मौजा के पास क अज्ञात वाहन ने बाइक सवार व्यवसायी प्रेम शंकर वर्मा (58) को टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वह जौनपुर जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र के निगोंह गांव के निवासी थे और निगोंह बाजार में अपनी ज्वैलरी की दुकान चलाते थे।

परिजनों ने बताया कि प्रेमशंकर वर्मा व्यावसायिक कार्यों के सिलसिले में सप्ताह में एक बार प्रयागराज आते-जाते थे।शनिवार भोर करीब तीन बजे वह बाइक पर सवार होकर प्रयागराज के लिए निकले थे। सुबह लगभग चार बजे जब वे प्रतापपुर-फूलपुर मार्ग पर बौड़ई गांव के बर्जी बरा मौजा के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित