प्रयागराज , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र में रविवार शाम सड़क दुर्घटना में मामा-भांजी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार थरवई क्षेत्र के तिवारीपुर गांव निवासी रजत कुमार त्रिपाठी (29) अपने जीजा शशिकांत त्रिपाठी के घर वजीरपुर गांव गए थे। रविवार शाम करीब चार बजे वह अपनी 18 वर्षीय भांजी राशि त्रिपाठी को स्कूटी पर बैठाकर तिवारीपुर लौट रहे थे। जयंतीपुर गांव के सामने गारापुर-सिकंदरा मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को लेकर स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि रजत निजी नौकरी करते थे और दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई की वर्ष 2021 में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी थी। वह परिवार के इकलौते सहारा थे।

राशि त्रिपाठी तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और जीएनएम नर्सिंग की टॉपर छात्रा बताई जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित