प्रयागराज , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के खीरी थाना क्षेत्र में एक बेकाबू स्कार्पियो ने दो भाइयों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई वहीं, दूसरे भाई ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि खीरी थाना क्षेत्र के धोबहट मजरा खोंचा गांव निवासी भगवान प्रसाद तिवारी (73) और माधो प्रसाद तिवारी (71) एक कार्यक्रम में शामिल होने कोरांव गए थे। वे करपिया गांव में दयाशंकर मिश्रा के यहां द्वार पूजन में शामिल हुए थे।कार्यक्रम से लौटते समय दोनों भाई अलग-अलग साइकिल से अपने घर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भगवान प्रसाद तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। माधो प्रसाद तिवारी के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने भगवान प्रसाद तिवारी के शव को कब्जे में लेकर खीरी थाने भेज दिया। घायल माधो प्रसाद तिवारी को एंबुलेंस से कोरांव सीएचसी पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात उनकी भी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित