प्रयागराज , मई 19 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के नैनी थाना क्षेत्र स्थित सीओडी रोड पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से बीएससी छात्रा की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नैनी थाना क्षेत्र के चाका स्थित सीओडी रोड निवासी श्याम लाल सिंह पटेल की पुत्री मोनी सिंह (18) ईसीसी कॉलेज में बीएससी की छात्रा थी। सोमवार को वह कॉलेज से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। बताया गया कि रात में चाका ब्लॉक के पास सड़क किनारे पैदल चलते समय पीछे से आए तेज रफ्तार सफेद रंग के अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा सड़क पर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने शोर मचाते हुए घायल छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाका पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) रेफर कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार छात्रा को लेकर जब तक एसआरएन अस्पताल पहुंचा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पिता श्याम सिंह पटेल ने बताया कि वह घर के बाहर खड़े थे और उनकी बेटी सड़क के बाईं ओर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी और छात्रा को रौंदते हुए सीओडी गेट की ओर भाग निकला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित