प्रयागराज , अप्रैल 16 -- प्रयागराज नगर निगम में कार्यरत नियमित, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को लेकर सफाई मजदूर एकता मंच (संबद्ध ऐक्टू) ने आज नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। यूनियन ने कर्मचारियों से जुड़ी कई अहम मांगें उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि इन्हें शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो एक मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।ज्ञापन में यूनियन ने महाकुंभ 2025 में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को घोषित न्यूनतम मजदूरी 20 हजार रुपये का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही 201 ठेका सफाई कर्मियों को घोषित 10 हजार रुपये बोनस का भुगतान न होने पर नाराजगी जताई गई है और जल्द भुगतान की मांग की गई है।

यूनियन ने सफाई कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को भी प्रमुख मुद्दा बताया है। सफाई कर्मचारी से सफाई नायक पद पर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कनिष्ठ लिपिक पद पर पदोन्नति शुरू करने की मांग की गई है। इसके अलावा नगर निगम सीमा विस्तार के मद्देनजर कर्मचारियों को विभिन्न विभागों में समायोजित करने की भी बात कही गई है।

ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई है कि सफाई मजदूर एकता मंच को नगर निगम परिसर में कार्यालय के लिए उचित स्थान आवंटित किया जाए। साथ ही, तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही पटल पर तैनात सफाई नायकों एवं निरीक्षकों का तबादला करने की मांग भी की गई है।यूनियन ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हेल्थ मैनुअल जारी करने और उसके अनुरूप नए कर्मचारियों की नियुक्ति की आवश्यकता भी जताई है।यूनियन नेताओं ने साफ कहा कि यह सभी मांगें कर्मचारियों के हित में हैं और इन्हें नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि 1 मई से सफाई कार्य पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा, जिससे शहर की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन और शासन की होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित