प्रयागराज , जून 3 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा नदी पर स्थित शास्त्री पुल के मरम्मत कार्य के चलते बुधवार सुबह पांच बजे से नई यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई। मरम्मत कार्य के कारण दारागंज से झूंसी जाने वाली पुल की एक लेन को 15 जुलाई तक बंद कर दिया गया है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है। नई व्यवस्था के तहत शास्त्री पुल की शेष लेन से केवल दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों के आवागमन की अनुमति दी गई है। ट्रक, डंपर, बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, इलेक्ट्रिक बसों सहित सभी भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन को आशंका है कि इससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ सकता है।

यातायात पुलिस ने संभावित जाम की स्थिति को देखते हुए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 150 से अधिक यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। कौशांबी से वाराणसी जाने वाले वाहनों को कोखराज टोल प्लाजा और हंडिया बाइपास के रास्ते भेजा जा रहा है। वहीं रीवा और मिर्जापुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है। वाराणसी और जौनपुर से आने वाली रोडवेज तथा पर्यटक बसों को सहसों और फाफामऊ मार्ग से शहर में प्रवेश दिया जाएगा।

इस बीच शहर के भीतर पानी टंकी क्षेत्र के पास स्थित पुराने रेल ओवरब्रिज को भी ध्वस्त किया जा रहा है। उसकी जगह सेतु निगम द्वारा नए पुल का निर्माण कराया जाएगा। ऐसे में शास्त्री पुल की एक लेन बंद होने से शहर के अन्य मार्गों, विशेषकर पानी टंकी रेल ओवरब्रिज की दूसरी लेन पर यातायात का अतिरिक्त दबाव बढ़ने की संभावना है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मरम्मत कार्य की अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, ताकि अनावश्यक असुविधा और जाम की स्थिति से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित