प्रयागराज , मई 16 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के नैनी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके कमरे में जमीन पर पड़ा मिला।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मड़ौका इलाके के महुआ दुर्गा नगर मोहल्ले में संजू निषाद (35) का शव जमीन पर पड़ा मिला। मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि संजू को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसकी हत्या कर आरोपी फरार हो गए हैं।
मृतका के पिता ने नैनी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित