प्रयागराज , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कालिंदीपुरम विद्युत उपकेंद्र के ऑटो फीडर की अंडरग्राउंड केबलों में भीषण आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी केबल का चपेट में ले लिया। दमकल के पहुंचने से पहले ही केबलें जल गईं। बाद में फायर सर्विस और बिजली विभाग की टीमों ने पहुंच आग बुझाई। आग की वजह से उस इलाके की विद्युत सप्लाई बंद कराई गई। आग लगने की वजह से 11 केवीए की अंडरग्राउंड केबल से सप्लाई ठप है। सुबह से दोपहर तक मरम्मत का काम चला लेकिन अब तक सप्लाई चालू नहीं हो सकी है। इस वजह से पांच से छह लाख उपभोक्ता परेशान हैं। सभी फीडर बंद होने के कारण बड़ी आबादी बिजली सप्लाई से महरूम है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि काम तेजी से कराया जा रहा है लेकिन रात तक मरम्मत का कार्य पूरा हो सकेगा।भीषण गर्मी में इन दिनों शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार ट्रांसफार्मरों में आग लग रही है। जगह जगह केबिलों में चिंगारी उठने से आग बढ़ जा रही है। एक तो बिजली कटौती दूसरे आग लगने की वजह से सप्लाई ठप होने से बिजली संकट गहरा गया है। इससे हजारों लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित