प्रयागराज , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण लोनी और टोंस नदियां उफान पर हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के कई गांव और बस्तियां बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। बराडीह, इटवा, देवरा, लोनीपार, ककरहा बस्ती, सिंहपुर और कॉलोनी बस्ती समेत आसपास के इलाकों में पानी घुसने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई मार्गों पर पानी भर जाने से आवागमन भी बाधित हुआ है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोनीपार स्थित जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक विद्यालय में राहत शिविर स्थापित किए हैं। प्रशासन के अनुसार करीब 180 बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार बचाव अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है।

राहत शिविरों में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, बिस्तर, पेयजल और दवाओं समेत आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी शिविरों में मौजूद रहकर लोगों के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भी वितरित की गई है।

उपजिलाधिकारी बारा शिखा शंखवार, तहसीलदार अनिल पाठक, नायब तहसीलदार राम अवध शाह और विजय कांत तथा लेखपाल विनय सहित राजस्व एवं प्रशासनिक टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। अधिकारी रातभर राहत शिविरों में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे और प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं की जानकारी ली।

विधायक प्रतिनिधि ने भी राहत शिविरों में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बाढ़ के पानी में अनावश्यक रूप से आवागमन न करें और खतरे वाले क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर और बाढ़ की स्थिति के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर अन्य प्रभावित परिवारों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित