प्रयागराज , जून 1 -- उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के जीरो रोड डिपो में तैनात सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) अरविंद कुमार मिश्र को एंटी करप्शन संगठन की टीम ने सोमवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

एंटी करप्शन संगठन के सूत्रों ने बताया कि परिवहन निगम में परिचालक संगम सोनकर ने 29 मई को शिकायत दर्ज कराते हुये आरोप लगाया गया था कि मिर्जापुर-शक्तिनगर मार्ग पर ड्यूटी लगाने तथा एक अन्य परिचालक की सर्विस बुक में वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि सही कराने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी।

प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित 13 सदस्यीय टीम ने सोमवार दोपहर जीरो रोड डिपो में कार्रवाई करते हुए एआरएम अरविंद कुमार मिश्र को 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों ने बताया कि कार्रवाई सरकारी गवाहों की मौजूदगी में की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित थाने ले जाया गया। एंटी करप्शन संगठन की ओर से बताया गया कि आरोपी के खिलाफ थाना कैंट में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एंटी करप्शन अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित जांच और कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित