प्रयागराज , अक्टूबर 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के पूरामुफ्ती में ससुराल आए एक युवक का चाकू से गला रेत दिया गया। इसके बाद हमलावर उसे गंभीर रूप से घायल हाल में सड़क पर फेंककर भाग निकले। पूरामुफ्ती थाने के पास खून से लथपथ हालत में पड़े युवक को देखकर राहगीर रुक गए। पूछताछ में युवक ने बताया कि दो युवकों ने उस पर हमला किया था। इसके बाद राहगीर उसे भगवतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां उसका इलाज शुरू हुआ। रविवार दोपहर तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी।

पुलिस ने कहा कि युवक की ओर से अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय गोलू के रूप में हुई है। वह फतेहपुर जिले के धाता का रहने वाला है। उसकी शादी प्रयागराज के पूरामुफ्ती क्षेत्र के बमरौली में हुई है। शनिवार रात वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पूरामुफ्ती थाने के पास मिला। उसके गले पर गहरा घाव था और काफी खून बह चुका था। राहगीरों के पूछने पर गोलू ने बताया कि दो युवकों ने उस पर हमला किया था। इनमें से एक ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने चाकू से उसका गला रेत दिया। युवक के मुताबिक, हमलावरों ने दो बार उसका गला रेता। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों उसे सड़क पर फेंककर भाग निकले।

बताया जा रहा है कि दोनों हमलावरों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।थाने के पास युवक के गले पर गहरे जख्म और खून से लथपथ हालत में मिलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे भगवतपुर सीएचसी पहुंचाया और अस्पताल में उसका इलाज शुरू हुआ। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गोलू के वैवाहिक जीवन में मनमुटाव की बात सामने आई है। पूरामुफ्ती के थानाध्यक्ष शांतनु सिंह के मुताबिक, गोलू का ससुराल बमरौली में है। करीब 15 से 20 दिन पहले उसकी पत्नी मायके आ गई थी। दो दिन पहले ही उसने बच्चे को जन्म दिया है।

थानाध्यक्ष के अनुसार, ससुराल पक्ष ने पुलिस को बताया है कि गोलू अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था और नशे का आदी है। परिवार का यह भी कहना है कि वह घर का खर्च नहीं देता था। पत्नी के गर्भवती होने के दौरान परिजन उसे अपने साथ मायके ले आए थे। पुलिस इस पारिवारिक विवाद की जानकारी को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, युवक पर हमला किसने और किस वजह से किया, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। थानाध्यक्ष शांतनु सिंह ने बताया कि घायल युवक से संपर्क किया गया था। उसने सुबह थाने आकर शिकायत देने की बात कही थी, लेकिन वह थाने नहीं पहुंचा। रविवार दोपहर तक पुलिस को उसकी ओर से तहरीर नहीं मिली थी और एफआईआर भी दर्ज नहीं हो सकी थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित