प्रयागराज , अक्टूबर 1 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के असरावे खुर्द गांव में बुधवार शाम एक युवक गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस करीब ढाई घंटे तक युवक को समझाने में जुटी रही। काफी देर तक बातचीत और समझाने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।युवक की पहचान असरवे खुर्द गांव निवासी 28 वर्षीय आशीष निषाद पुत्र रामसुख निषाद के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि गांव के ही एक व्यक्ति से उसका विवाद हो गया था। इसके बाद आशीष मोबाइल के टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।सूचना पर एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को टावर के आसपास से हटाया। पुलिसकर्मियों ने लगातार आशीष से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। करीब ढाई घंटे बाद वह पुलिस की बात मानकर करीब रात दस बजे सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित