प्रयागराज , नवंबर 07 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज छोटी दीपावली के अवसर पर मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में खिलाड़ियों ने दीपावली का पर्व बेहद खास अंदाज में मनाया। इस मौके पर पूरे स्टेडियम को एक लाख दीपों से सजाया गया। दीपों की जगमगाहट से पूरा स्टेडियम रोशनी में नहा उठा। ऐसा नजारा दिखाई दिया, मानो आसमान के सारे तारे जमीन पर उतर आए हों,स्टेडियम के अंदर हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट और वॉलीबॉल के मैदानों को बेहद खूबसूरत अंदाज में दीपों से सजाया गया। चारों तरफ दीपों की कतारें देखते ही बन रही थीं। खिलाड़ियों ने दीप जलाने के साथ आतिशबाजी कर दीपावली की खुशियां साझा कीं।

इस खास आयोजन में शहर के तमाम खेलों से जुड़े खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मान्यता है कि दीपावली से पहले धनतेरस के दिन खेल के मैदान और ट्रैक की पूजा करने से खिलाड़ियों को अपने खेल में सफलता मिलती है,इसी आस्था और विश्वास के साथ खिलाड़ियों ने अपने-अपने खेल मैदानों की पूजा-अर्चना की और देश-दुनिया में प्रयागराज का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित