प्रयागराज , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शिवकुटी थाना क्षेत्र के सलोरी इलाके में मंगलवार रात मामूली विवाद के बाद एक युवक को गोली मार दी गई। घटना में ईश्वर शरण कॉलेज के पास स्थानीय पार्षद के बेटे पर फायरिंग करने का आरोप है। गोली युवक के दाहिने घुटने के पास लगी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 11:30 बजे सलोरी स्थित ईश्वर शरण कॉलेज के पास हुई। घायल युवक की पहचान अंकित सिंह के रूप में हुई है। वह पेशे से अधिवक्ता है और उसके पिता ईश्वर शरण महाविद्यालय में कर्मचारी हैं। पुलिस के मुताबिक अंकित कॉलेज के पास बैठा था। इसी दौरान स्थानीय पार्षद का बेटा वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच गालीगलौज होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान पार्षद के बेटे ने असलहा निकालकर अंकित पर फायर कर दिया। गोली उसके दाहिने घुटने के पास लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल अंकित को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है और उसका उपचार चल रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त विवेक कुमार यादव ने बुधवार को बताया कि विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। घायल का उपचार जारी है और परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित