प्रयागराज , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मुट्ठीगंज क्षेत्र के राम भवन चौराहे पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता के बाद रविवार देर रात युवकों के दो गुट फिर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और मारपीट हुई, जिसमें दो युवक घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात राम भवन चौराहे पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस दौरान किसी बात को लेकर युवकों के दो गुटों में विवाद हो गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के युवकों को थाने पर बैठाया था, लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आधी रात के पश्चात दोनों पक्षों के युवक एक बार फिर आमने-सामने आ गए। सड़क पर दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे पर पथराव करते तथा कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर सड़क पर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
पथराव और मारपीट में दो युवक घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर मुट्ठीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित