प्रयागराज , जुलाई 2 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन ने जल सत्याग्रह की शुरुआत की है। भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने त्रिवेणी संगम के पवित्र जल में बैठकर जल सत्याग्रह किया है। किसानों ने हाथों में झंडा बैनर लेकर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की। भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि किसानों की भूमि पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही बिजली और पेयजल के मुद्दों का कोई समाधान शासन प्रशासन नहीं कर रहा है। जिसको लेकर मजबूरन उन्हें आज संगम के जाल में उतरकर जल सत्याग्रह करना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित