प्रयागराज , अप्रैल 09 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कौड़िहार क्षेत्र में मौसम के बदलते मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल पर बूंदाबांदी से नुकसान का खतरा मंडरा रहा है। किसानों ने गेहूं की फसल काटकर बंडल बना लिए हैं, लेकिन रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश के कारण उन्हें भारी नुकसान की आशंका सता रही है। बदलते मौसम के चलते उनकी चिंता लगातार बढ़ती जा रही है और वे फसल को सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

कौड़िहार ब्लॉक के बुढ़ाना, खिदिरपुर, दांडी, कुरैशी, लखारिया, ककरा और मूसेपुर सहित कई गांवों के किसान दिन-रात मेहनत कर फसल को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटे हैं, ताकि बारिश से होने वाले नुकसान से बचा जा सके। स्थानीय किसान राजकुमार ने बताया कि मौसम की अनिश्चितता के कारण फसल को सहेजना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कटाई पूरी हो चुकी है, लेकिन बारिश की वजह से गेहूं भीग रहा है, जिससे खराब होने का खतरा बढ़ गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित