प्रयागराज , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम ने कुछ राहत दी। देर रात और भोर में कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई, लेकिन सुबह से बारिश थमी हुई है। आसमान में घने काले बादल छाये हुए हैं। मौसम विभाग ने दिनभर मौसम के बदले रहने तथा शाम तक तेज बारिश होने की संभावना जतायी है।

पिछले तीन-चार दिनों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया था। कई स्थानों पर घुटनों तक पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ प्रमुख और वीआईपी क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति बनी रही।

गुरुवार को दिन में बारिश नहीं होने से जलभराव वाले इलाकों में लोगों को कुछ राहत मिली। बारिश की रफ्तार कम होने के बाद नगर निगम और प्रशासन की टीमें पंपिंग सेट लगाकर जल निकासी में जुट गयीं। ज्यादातर इलाकों से पानी निकाल दिया गया है और कई स्थानों पर स्थिति सामान्य होने लगी है।

प्रशासन के अनुसार, जिन इलाकों में अभी भी पानी जमा है, वहां नगर निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी भी की जा रही है, ताकि बारिश दोबारा होने की स्थिति में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था की जा सके।

मौसम विभाग ने शुक्रवार शाम तक तेज बारिश की संभावना जतायी है। ऐसे में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि दोबारा मूसलाधार बारिश होती है तो शहर के निचले इलाकों में फिर से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाये रहने तथा रुक-रुककर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित