प्रयागराज , सितम्बर 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह जलभराव को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में शनिवार, 26 सितंबर को अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट और जिलाधिकारी के निर्देश के बाद यह आदेश जारी किया है।बीएसए कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग द्वारा जनपद प्रयागराज के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश और जलजमाव के कारण बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

यह आदेश जिले के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। बीएसए ने सभी विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।प्रयागराज में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित