प्रयागराज , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच अब चोरी की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। करेली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवकों द्वारा स्कूटी पर रखा गैस सिलेंडर चोरी कर फरार होने का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार करेली इलाके के महबूबा पैलेस के पास एक व्यक्ति अपनी स्कूटी पर गैस सिलेंडर रखकर कुछ सामान लेने के लिए गया था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और स्कूटी पर रखा सिलेंडर उठाकर फरार हो गए।

यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

पीड़ित ने करेली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत और कथित कमी के चलते ऐसे मामलों में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है, जिससे आमजन की चिंता बढ़ गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित