प्रयागराज , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के खीरी थाना क्षेत्र के पौशला में सोमवार देर रात दो बाइकों की टक्कर में एक एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान खरका खास गांव निवासी सुभाष चंद्र पाल (30) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुभाष चंद्र पाल अपनी पत्नी अनुराधा को उसकी बहन के घर अमहवा छोड़कर अकेले बाइक से अपने घर लौट रहे थे। पौशाला पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य बाइक सवार से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
इस हादसे में सुभाष चंद्र पाल को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा बाइक सवार बाल-बाल बच गया और अपनी बाइक लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।आसपास के लोगों की मदद से सुभाष चंद्र पाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर खीरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर रात करीब 10 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक सुभाष चंद्र पाल अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे।
उनकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। इस दुखद घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। खीरी थाना प्रभारी कृष्णामोहन सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित