प्रयागराज , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार हो रही बारिश तथा पहाड़ी क्षेत्रों और अन्य राज्यों में वर्षा के कारण गंगा और यमुना नदियों के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही हैं और जिले के सभी तटबंध सुरक्षित बताए गए हैं।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष की शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में यमुना के नैनी गेज स्टेशन पर जलस्तर में 30 सेंटीमीटर, गंगा के छतनाग गेज स्टेशन पर 33 सेंटीमीटर तथा फाफामऊ गेज स्टेशन पर सात सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार सुबह आठ बजे नैनी में यमुना का जलस्तर 75.90 मीटर था, जो शुक्रवार सुबह बढ़कर 76.20 मीटर हो गया। इसी प्रकार फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 78.53 मीटर से बढ़कर 78.60 मीटर तथा छतनाग में 75.51 मीटर से बढ़कर 75.84 मीटर दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे के दौरान नदी तटीय क्षेत्रों में भी वर्षा रिकॉर्ड की गई। नैनी में 20.4 मिलीमीटर, फाफामऊ में 10 मिलीमीटर तथा छतनाग में 22 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अधिकारियों का मानना है कि लगातार बारिश के कारण आने वाले दिनों में नदियों के जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार गंगा और यमुना दोनों नदियां अभी खतरे के निशान 84.734 मीटर से काफी नीचे हैं। शुक्रवार सुबह नैनी में यमुना का जलस्तर 76.20 मीटर, फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 78.60 मीटर तथा छतनाग में गंगा का जलस्तर 75.84 मीटर दर्ज किया गया।
प्रशासन ने कहा है कि वर्तमान में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। नदियों के जलस्तर तथा तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है और सभी तटबंध सुरक्षित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित