प्रयागराज , मार्च 09 -- प्रयागराज में होली पर्व के अवसर पर पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा श्री हरि धाम बाबा सेवा समिति द्वारा सोमवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर विनयानंद गिरी महाराज के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेलकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर विनयानंद गिरी महाराज ने भगवान के पूजन-अर्चन के साथ किया और सभी उपस्थित लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद गुलाब और गेंदे के फूलों से फूलों की होली का उत्सव शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया। आश्रम परिसर में भजन-कीर्तन तथा ढोल-मंजीरे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर विनयानंद गिरी ने कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे का पर्व है। उन्होंने बताया कि फूलों की होली का उद्देश्य प्रकृति के प्रति सम्मान के साथ शुद्ध भावनाओं से इस पर्व को मनाना है। साथ ही उन्होंने समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की अपील भी की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को फूलों की होली खेलकर शुभकामनाएं दीं। अंत में प्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित