प्रयागराज , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र के पचखरा गांव में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पचखरा गांव निवासी मुस्कान की शादी करीब चार वर्ष पूर्व सदाम के साथ हुई थी। सदाम वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। परिजनों के मुताबिक रविवार रात मुस्कान की अपने पति से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद वह अपने कमरे में चली गई।
सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो मुस्कान का शव कमरे में लगे सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना ग्राम प्रधान और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही घूरपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित