प्रयागराज , मई 28 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के पसना ग्राम स्थित भूदान बस्ती में एक युवक का शव उसके घर के अंदर फांसी पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने बताया कि ईश्वरदीन (24) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार शाम को वह मजदूरी कर घर लौटा था। घटना के समय उसके पिता घर पर नहीं थे, जबकि उसकी मां मायके गई हुई थी। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला उसे खाना खाने के लिए बुलाने गई। कई बार आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो महिला ने दरवाजा खोलकर देखा। अंदर ईश्वरदीन का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक के चचेरे भाई ने शव को फंदे से नीचे उतारा। बताया गया है कि मृतक के पिता दिव्यांग हैं और ठेला चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं।

सूचना पर कोरांव इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार और हल्का इंचार्ज सेवालाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित