प्रयागराज , मई 7 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के सरायइनायत क्षेत्र में पुलिस ने प्रेमिका की नृशंस हत्या कर शव को शारदा सहायक नहर के पास झाड़ियों में फेंकने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि गंगापार क्षेत्र के सरायइनायत थाना अंतर्गत जमुनीपुर गांव निवासी लक्ष्मी नारायण पाल की बेटी खुशी पाल (17) बीती 20 अप्रैल की रात से लापता थी। परिजनों का आरोप था कि उसे उसका प्रेमी असमित वर्मा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस संबंध में किशोरी की मां सुनीता पाल ने सरायइनायत थाने में आरोपी असमित वर्मा के खिलाफ अपहरण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।

आरोपी असमित वर्मा बहरिया थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी सुरेश वर्मा का पुत्र बताया गया है। गुरुवार को पुलिस ने 23 वर्षीय असमित वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह टूट गया और उसने स्वीकार किया कि उसने खुशी पाल की हत्या कर शव को शारदा सहायक नहर के पास जंगल में झाड़ियों के बीच फेंक दिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान चलाया, जहां से किशोरी का सड़ा-गला शव बरामद किया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से हत्या के कारणों और घटना के अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित