प्रयागराज , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार शाम प्रतियोगी छात्र-छात्राओं ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।

सैकड़ों की संख्या में जुटे प्रतियोगी छात्रों ने लेखपाल भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक, एसएससी जीडी और नीट परीक्षा से जुड़े विवादों को लेकर नाराजगी व्यक्त की। छात्रों ने लेखपाल भर्ती परीक्षा को रद्द करने तथा यूपी एसआई भर्ती परीक्षा का स्कोरकार्ड जारी करने की मांग की।

प्रतियोगी छात्र-छात्राएं तिरंगा झंडा, पोस्टर और बैनर लेकर हिंदू हॉस्टल चौराहे से ऐतिहासिक चंद्रशेखर आजाद पार्क तक कैंडल मार्च निकालते हुए पहुंचे। इस दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

छात्रों का कहना था कि यदि उनकी मांगों पर सरकार द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे सड़क से लेकर संसद तक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित