प्रयागराज , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कौड़िहार ब्लॉक अंतर्गत उठगी दासापुर गांव में नीलगायों के झुंड द्वारा गेहूं की फसल को लगातार नुकसान पहुंचाए जाने से किसान परेशान हैं। ग्रामीणों के अनुसार नीलगायों का झुंड खेतों में घुसकर पल भर में गेहूं की फसल को चर जाता है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। किसान कमल सरोज ने बताया कि नीलगायों का आतंक उनकी मेहनत पर पानी फेर रहा है। दिन से लेकर देर शाम तक खेतों की रखवाली करने के बावजूद मौका मिलते ही नीलगाय खेतों में घुसकर फसल बर्बाद कर देती हैं।
बताया जा रहा है कि इन दिनों नीलगायें गेहूं के अलावा सरसों, आलू समेत अन्य रबी फसलों को भी नुकसान पहुंचा रही हैं। इससे क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने प्रशासन से समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि उनकी फसल और आजीविका सुरक्षित रह सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित