प्रयागराज, अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र के कहली गांव में नीलगायों के झुंड ने धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। नीलगायों के लगातार खेतों में आने से किसानों के सामने अपनी फसल बचाने का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नीलगायों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे खेतों की रखवाली करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। नील गायों के झुंड खेतों में घुसकर धान के पौधों को रौंद रहे हैं और उन्हें खाकर नष्ट कर रहे हैं। कई खेतों में फसल का एक बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है, जिससे किसानों को कम उत्पादन की चिंता सता रही है। किसान रात के समय खेतों की निगरानी कर नीलगायों को भगाने का प्रयास करते हैं। हालांकि, बड़े झुंड होने के कारण नीलगाय कुछ समय बाद फिर खेतों में लौट आते हैं, जिससे किसानों की मेहनत और लागत दोनों प्रभावित हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित