प्रयागराज , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र के सिपोवा गांव के पास बेलन नदी में शुक्रवार को स्नान करते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान खजुरी गांव निवासी राजेंद्र निषाद (32) के रूप में हुई है। राजेंद्र अपनी बहन के घर सिपोवा गांव आया हुआ था।शुक्रवार दोपहर राजेंद्र अपनी बाइक से बेलन नदी में स्नान करने गया था। काफी देर तक उसके वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। तलाश के दौरान देर शाम को नदी किनारे उसकी बाइक और कपड़े पड़े मिले। कुछ दूरी पर नदी में उसका शव उतराता हुआ दिखाई दिया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। राजेंद्र अपने दो भाइयों में छोटा था। लगभग दो वर्ष पहले उसके बड़े भाई की भी मृत्यु हो चुकी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित