प्रयागराज , अक्टूबर 17 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के झंसी थाना क्षेत्र में गंगा नदी की बीच धारा में बना बजरंग दास का आश्रम शुक्रवार देर रात अचानक ढह गया। हादसे के समय आश्रम के अंदर मौजूद तीन लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की मदद से तीनों को बाहर निकालकर इलाज के लिए एसआरएन हॉस्पिटल भेजा गया। आश्रम के आसपास कीचड़ और दलदल होने के कारण बचाव दल को मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई।जानकारी के मुताबिक, करीब 40 से 50 फीट ऊंचा यह आश्रम गंगा नदी की बीच धारा में बना था।

पिछले कुछ दिनों में गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद घटने लगा था।जलस्तर कम होने के दौरान आश्रम के आसपास मिट्टी का कटान बढ़ गया। इससे आश्रम की नींव कमजोर होने लगी और दीवारों में दरारें आ गईं। शुक्रवार देर रात अचानक पूरा आश्रम ढह गया। हादसे के समय आश्रम से जुड़े तीन लोग अंदर मौजूद थे। आश्रम गिरने से तीनों मलबे में दब गए और घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें बाहर निकालने के लिए देर रात तक बचाव अभियान चलाया गया। आसपास की जमीन दलदली होने के कारण पुलिसकर्मियों को आश्रम तक पहुंचने में दिक्कत हुई।

इसके बाद एनडीआरएफ की मदद ली गई। स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने मिलकर तीनों घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।गंगा की बीच धारा में बना यह आश्रम पिछले कुछ दिनों से चर्चा में था। जलस्तर में उतार-चढ़ाव और मिट्टी के कटान के कारण इसकी स्थिति कमजोर हो गई थी। बताया गया कि आश्रम में रखा सामान पहले ही सुरक्षित निकाल लिया गया था। हालांकि, हादसे के समय तीन लोग अंदर मौजूद थे, जो इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित