प्रयागराज , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के झूंसी थाना क्षेत्र के सोडम आश्रम घाट पर मंगलवार को दो बच्चों के डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि झूंसी थाना क्षेत्र के नैका महीन गांव निवासी लवकुश कुमार (12) पुत्र दिनेश कुमार यादव, अर्पित कुमार यादव (14) पुत्र जयसिंह उर्फ बच्चा तथा वैभव नामक एक अन्य बालक मंगलवार दोपहर घर से निकले थे। तीनों बच्चे सोडम आश्रम घाट पहुंचे, जहां लवकुश और अर्पित स्नान करने लगे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

कुछ दूरी पर खड़े वैभव ने शोर मचाया, जिस पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बच्चे पानी में लापता हो चुके थे। सूचना पर पुलिस, जल पुलिस तथा गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद अर्पित कुमार यादव का शव बरामद कर लिया गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में लवकुश कुमार का शव भी बरामद कर लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घाट पर पहले भी इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित