प्रयागराज , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार को शुरु हुये ऐतिहासिक दाधिकांधो मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गये हैं। डीसीपी सिटी सागर जैन ने बताया कि मेला क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग तारीखों पर मेले का आयोजन होगा। 12 सितंबर को शिवकुटी के सलोरी और 13 सितंबर को धूमनगंज के सुलेम सराय में मेला लगेगा। इसके बाद 19 सितंबर को तेलियरगंज के रसूलाबाद और 20 सितंबर को राजापुर में आयोजन होगा। कीडगंज में 24 सितंबर को बीच वाली सड़क और 25 सितंबर को थाने वाली सड़क पर मेला लगेगा। 20 अक्टूबर को मलाका शिवकुटी और 24 अक्टूबर को फाफामऊ में दाधिकांधो मेले का आयोजन किया जाएगा।

डीसीपी सिटी ने संबंधित सर्किल के एसीपी के साथ मेला क्षेत्रों और झांकियों के मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मेला कमेटियों के साथ बैठक कर पुराने विवादों की भी जानकारी ली गई है।

पुलिस के अनुसार संवेदनशील स्थानों पर पीएसी की दो कंपनियां तैनात रहेंगी। मेले और झांकियों के पूरे मार्ग पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि अफवाह अथवा भड़काऊ पोस्ट को समय रहते रोका जा सके। पुराने अनुभवों को ध्यान में रखते हुए नया ड्यूटी चार्ट तैयार किया गया है और सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

शाम से देर रात तक चलने वाले मेले में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। एंटी रोमियो स्क्वॉड और महिला शक्ति केंद्र की टीमों को विशेष ड्यूटी सौंपी गई है। इसके अलावा मेडिकल, फायर ब्रिगेड और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर तैयारियां पूरी की गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित