प्रयागराज , अक्टूबर 28 -- बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती मौसम तंत्र का प्रभाव संगम नगरी प्रयागराज में बुधवार को दिखने लगा है। सुबह से ही हल्की धूप छांव के बीच जिला प्रशासन ने गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी दी है। इससे खेतों में तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं, शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 220 दर्ज किया गया है। ऐसे में बारिश से प्रदूषण में कुछ समय के लिए राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 29 अक्टूबर को गरज-चमक और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। धान की तैयार फसल को नुकसान की आशंका बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ सकती है।खेतों में तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों को सलाह दी गई है कि तैयार फसलों की जल्द कटाई करें। कटी हुई फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित, ढके हुए स्थानों पर रखें, ताकि बारिश से नुकसान कम हो सके। संभावित खराब मौसम को देखते हुए राहत आयुक्त कार्यालय ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। जिला आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने और जरूरत पड़ने पर राहत शिविरों की व्यवस्था करने को कहा गया है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत, जलभराव वाले स्थानों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित