प्रयागराज , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार तड़के गंगानगर जोन के सरायइनायत थाना क्षेत्र के कतवारूपुर गांव में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों का दावा है कि तेंदुआ गांव में घूमता हुआ दिखाई दिया। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी तेंदुए जैसी आकृति की चहलकदमी कैद होने की बात सामने आई है। तेंदुआ दिखाई देने की सूचना के बाद ग्रामीण सतर्क हो गए हैं। लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों को अकेले घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। खेतों की ओर जाने वाले ग्रामीण भी समूह में लाठी-डंडे लेकर जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने तेंदुआ दिखाई देने की सूचना वन विभाग को दी है और उसे पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी से बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब एक वर्ष बाद गांव में दोबारा तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है। फिलहाल ग्रामीण उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और एक-दूसरे को सतर्क कर रहे हैं। ग्रामीणों से अकेले खेतों या सुनसान इलाकों में नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित