प्रयागराज , मई 05 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के कीडगंज क्षेत्र में एक तीर्थ पुरोहित पर चार नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि यमुना बैंक रोड स्थित काली माई मंदिर के पास रहने वाले मार्तंड प्रकाश दुबे (55) बीती देर रात करीब 11 बजे घर से कुछ दूरी पर एक परिचित से मिलने गए थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने पहले उनका नाम पूछा और फिर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब छह राउंड फायरिंग की, जिनमें से चार गोलियां मार्तंड दुबे को लगीं। एक गोली पेट में, दो गर्दन के पास और एक चेहरे के करीब लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घायल को तत्काल स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना पर पहुंची कीडगंज पुलिस ने मौके से कई खोखे बरामद कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है और प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश व जमीन विवाद समेत विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
कीडगंज थानाध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने बताया कि हमलावरों ने चेहरे पर मास्क पहन रखा था और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित