प्रयागराज , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में स्मैक तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 727 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.45 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार गौतम और वीरेंद्र कुमार निवासी धूमनगंज तथा आशीष कुमार मौर्या निवासी अटरामपुर नवाबगंज शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करेली क्षेत्र की रहने वाली 'बिल्ली' नामक महिला से स्मैक खरीदकर प्रयागराज सहित आसपास के जनपदों में सप्लाई करते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक कुमार गौतम पर पहले से छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में भी नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। उसके कब्जे से स्मैक के छह पैकेट बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 727 ग्राम है।

धूमनगंज का ताड़बाग क्षेत्र लंबे समय से स्मैक तस्करी के लिए कुख्यात माना जाता रहा है। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क का सरगना विक्की है, जो पहले भी जेल जा चुका है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

सहायक पुलिस उपायुक्त विजय आनंद ने बताया कि पूछताछ में सामने आई महिला 'बिल्ली' की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित