प्रयागराज , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में झूंसी क्षेत्र के अबूसा मोड़-सहसों मार्ग पर बुधवार को बाइक और ट्रेलर की आमने-सामने हुई टक्कर में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, बाइक पर दो युवक और एक महिला हंडिया से गोतावां की ओर जा रहे थे। अबूसा मोड़ के पास रशमोर इंटरनेशनल स्कूल के आगे सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे में महिला और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डायल-108 पर सूचना देने के बाद भी करीब 30 मिनट तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद घायल को ई-रिक्शा से कोटवा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित