प्रयागराज , सितम्बर 23 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के करछना थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से कानपुर जीआरपी में तैनात सिपाही की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची करछना पुलिस ने शव के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर शिनाख्त कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। घर वालों के पहुंचने पर पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत सिपाही की मौत के कारण की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि कैथी गांव निवासी रवि पटेल (30) वर्ष 2016 में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती कानपुर जीआरपी में थी। परिजन के अनुसार सुबह करीब नौ बजे वह बिना किसी को कुछ बताए बाइक लेकर घर से निकले थे।करीब 11 बजे रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत की सूचना स्वजन को मिली। रवि दो भाइयों में सबसे बड़े थे। करीब दो वर्ष पहले उनकी शादी अंजू पटेल के साथ हुई थी। सिपाही की मौत की खबर मिलते ही पिता जय बहादुर समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित