प्रयागराज , अगस्त 7 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान के सेफ्टी टैंक में जहरीली गैस के रिसाव से दो मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना गणेशगंज, डेरी नेवादा समोगर स्थित एक मकान में हुई जहां दोनों मजदूर टैंक के भीतर शटरिंग खोलने के लिए उतरे थे। जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन मकान में नया सेफ्टी टैंक बनाया जा रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दो मजदूर टैंक के अंदर शटरिंग खोलने के लिए गए। बताया जा रहा है कि टैंक के भीतर जहरीली गैस भरी हुई थी, जिसकी चपेट में आने से दोनों मजदूर बेहोश होकर गिर पड़े और बाहर नहीं निकल पाए।घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस उपायुक्त करछना सुनील कुमार सिंह, औद्योगिक थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतकों में से एक की पहचान बेंदौ गांव निवासी निहाल के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है और उसके परिजनों की तलाश जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में जहरीली गैस के संपर्क में आने से ही दोनों मजदूरों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित