प्रयागराज , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बहादुरपुर विकासखंड क्षेत्र के कनकपुर उसरहवा गांव में शनिवार सुबह जर्जर दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी वंशबहादुर यादव उर्फ बंशी के पिता सूर्यमणि यादव वहां मौजूद थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसके मलबे में दब गए। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उन्हें मलबे से निकालने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल सूर्यमणि यादव ने थोड़ी देर बाद दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी, जिसके बाद प्रशासनिक टीम ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता और मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित